छत्तीसगढ़ में हाथियों का आतंक थमने का नाम ही नहीं ले रहा है, इसी बीच कोरबा जिले में एक जंगली हाथी ने धान उपार्जन केंद्र (मंडी)के प्रभारी को कुचलकर मार डाला। यह दुखद घटना बुधवार-गुरुवार (5 मार्च 2026) की दरमियानी रात करीब 2 बजे कुदमुरा उपार्जन केंद्र में हुई। वहीं मृतक की पत्नी ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई।
बताया जा रहा है कि, उपार्जन केंद्र में लगातार धान चोरी की घटनाएं सामने आ रही थी। इसी कारण मंडी प्रभारी राजेश कुमार अपनी पत्नी के साथ केंद्र परिसर में अस्थायी झोपड़ी बनाकर रह रहे थे और धान की सुरक्षा की जिम्मेदारी निभा रहे थे। इस दरमियान देर रात एक दंतैल हाथी अचानक वहां पहुंचा और झोपड़ी पर हमला कर दिया। हाथी ने राजेश को अपनी चपेट में ले लिया और कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाई और ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी।
मृतक राजेश कुमार रजगामार क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है।

