छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में स्थित पावर कंपनीज मुख्यालय परिसर के महिला मंडल भवन टेबल टेनिस हॉल में 48वीं अखिल भारतीय विद्युत स्पोर्ट्स नियंत्रण बोर्ड टेबल टेनिस प्रतियोगिता-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। इस तीन दिवसीय राष्ट्रीय खेल महाकुंभ का उद्घाटन पावर कंपनी के प्रबंध निदेशक (जनरेशन) श्री संजीव कुमार कटियार और प्रबंध निदेशक (डिस्ट्रीब्यूशन) श्री भीम सिंह कंवर ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस उद्घाटन समारोह में विद्युत विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इनमें केंद्रीय क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक समिति के महासचिव तथा कार्यपालक निदेशक (वित्त) श्री एम.एस. चौहान, कार्यपालक निदेशक (पीसी एंड आरए) एवं अखिल भारतीय विद्युत स्पोर्ट्स नियंत्रण बोर्ड के अध्यक्ष श्री के.एस. मनोठिया, और मुख्य अभियंता रायपुर क्षेत्र श्री संजीव सिंह की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
समारोह को संबोधित करते हुए प्रबंध निदेशक श्री संजीव कुमार कटियार ने देश भर से पहुंचे सभी खिलाड़ियों और टीमों को अपनी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं, बल्कि जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास और आपसी टीम भावना को भी मजबूती प्रदान करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से आह्वान किया कि वे प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के साथ-साथ खेल भावना को हमेशा सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
प्रबंध निदेशक श्री भीम सिंह कंवर ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल में हार-जीत से कहीं अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना, अनुशासन और आपसी सौहार्द होता है। उन्होंने छत्तीसगढ़ पहुँचे अन्य राज्यों के सभी खिलाड़ियों और टीम सदस्यों से आग्रह किया कि वे केवल खेल तक सीमित न रहें, बल्कि यहाँ के समृद्ध पर्यटन स्थलों का भ्रमण कर छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक विरासत का भी आनंद लें।
अतिथियों के उद्बोधन के पश्चात कार्यपालन अभियंता श्री आशीष अग्निहोत्री द्वारा देशभर से पहुंचे सभी नौ टीमों के खिलाड़ियों को खेल की गरिमा बनाए रखने के लिए औपचारिक शपथ दिलाई गई। इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न प्रांतों से आई विद्युत कंपनियों की टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिससे मुकाबला काफी रोमांचक होने की पूरी उम्मीद है।
इस तीन दिवसीय राष्ट्रीय प्रतियोगिता में कुल नौ प्रमुख टीमें आपस में कड़ा मुकाबला कर रही हैं। इनमें केपीटीसीएल, सीएसईसी (कोलकाता), आंध्र प्रदेश ट्रांसको, तेलंगाना ट्रांसको, केपी सीएल, तमिल नाडु इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड, असम, उत्तर प्रदेश और मेजबान छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर कंपनी की टीमें शामिल हैं। खिलाड़ी इस दौरान टीम इवेंट, पुरुष एकल और पुरुष युगल श्रेणियों में अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
इस पूरे समारोह का संचालन उप महाप्रबंधक जनसंपर्क श्री गोविंद सिंह पटेल ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन श्री राजेश सिंह द्वारा किया गया। इस अवसर पर श्री पंकज सिंह परमार, सचिव श्री विनय चंद्राकर, चीफ रेफरी श्री प्रवीण निरापूरे, सहायक मुख्य रैफरी श्री प्रणय नन्द मजुमदार सहित आयोजन समिति के तमाम पदाधिकारी और छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज के अनेक अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सबसे बड़ा और अनूठा आकर्षण देश के विभिन्न राज्यों से आई टीमों के मैनेजरों का बहुभाषी स्वागत रहा। मंच संचालन कर रहे श्री गोविंद सिंह पटेल ने प्रत्येक टीम के प्रतिनिधि को उनकी मातृभाषा या स्थानीय बोली में स्वागत करते हुए मंच पर आमंत्रित किया और साथ ही उसका हिंदी भाव भी प्रस्तुत किया। तमिल, कन्नड़, तेलुगु, बांग्ला, असमिया के साथ-साथ हिंदी और छत्तीसगढ़ी में हुई इस एंकरिंग ने पूरे समारोह को आत्मीयता से भर दिया और ‘अनेकता में एकता’ के भाव को जीवंत कर दिया।

