असम के कार्बी आंगलोंग जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। भारतीय वायुसेना का एक सुखोई Su-30MKI लड़ाकू विमान बीती रात प्रशिक्षण मिशन के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में देश ने अपने दो जांबाज पायलटों स्क्वाड्रन लीडर अनुज और फ्लाइट लेफ्टिनेंट पुरवेश दुरागकर को खो दिया है। वायुसेना ने आधिकारिक तौर पर दोनों पायलटों की शहादत की पुष्टि कर दी है।
वायुसेना के अनुसार, विमान ने असम के जोरहाट एयरबेस से एक रूटीन ट्रेनिंग मिशन के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद, शाम लगभग 7:42 बजे एअर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से विमान का संपर्क टूट गया। शुक्रवार सुबह गहन खोज अभियान (Search Operation) के बाद विमान का मलबा एयरबेस से लगभग 60 किलोमीटर दूर कार्बी आंगलोंग के घने क्षेत्रों में बरामद किया गया।
वायुसेना ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है और हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच (Court of Inquiry) के आदेश दे दिए हैं
सुखोई Su-30MKI:
सुखोई Su-30MKI – भारतीय वायुसेना (IAF) का सबसे शक्तिशाली और रीढ़ की हड्डी माना जाने वाला मल्टी-रोल लड़ाकू विमान है। यह विमान रूस के सुखोई डिज़ाइन ब्यूरो द्वारा विकसित किया गया है और भारत की हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) द्वारा लाइसेंस के तहत निर्मित किया जाता है।
मुख्य विशेषताएं और क्षमताएं –
इसमें ‘MKI’ का मतलब ‘मॉडर्नाइज्ड, कमर्शियल और इंडियन’ है, जिसे विशेष रूप से भारतीय जरूरतों के अनुसार कस्टमाइज किया गया है। यह विमान हवा-से-हवा, हवा-से-जमीन और समुद्री लक्ष्यों पर हमला करने में सक्षम है। इसकी कॉम्बैट रेंज लगभग 3000 किमी है और यह अत्यधिक उन्नत एरोडायनामिक्स के साथ आता है। यह ब्रह्मोस (BrahMos) और अस्त्र (Astra) जैसी खतरनाक मिसाइलें दागने में सक्षम है।

