नई दिल्ली/दुबई – AVIATION CRISIS: इजराइल और ईरान के बीच तेज होते सैन्य टकराव का असर अब वैश्विक हवाई यातायात पर साफ दिखाई दे रहा है। मध्य-पूर्व के बड़े हिस्से में एयरस्पेस बंद होने के कारण दुनियाभर में हजारों उड़ानें रद्द हो चुकी हैं, जिसका सीधा असर भारत पर भी पड़ा है। नागरिक विमानन मंत्रालय और डीजीसीए ने पुष्टि की है कि बड़ी संख्या में भारतीय उड़ानें प्रभावित हुई हैं और प्रमुख एयरपोर्ट्स को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
डीजीसीए के अनुसार 28 फरवरी को अकेले 410 उड़ानें रद्द की गईं, जबकि 1 मार्च को भी 444 उड़ानों के रद्द होने की आशंका जताई गई है। ईरान और आसपास के एयरस्पेस बंद होने के कारण कई अंतरराष्ट्रीय रूट प्रभावित हुए हैं। मंत्रालय ने कहा है कि वह सभी एयरलाइनों के साथ लगातार संपर्क में है ताकि सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जा सके। यात्रियों को एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस अनिवार्य रूप से जांचने की सलाह दी गई है।
दिल्ली, मुंबई समेत बड़े अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों पर वैकल्पिक लैंडिंग, भीड़ प्रबंधन और यात्री सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। वरिष्ठ अधिकारी मौके पर तैनात हैं और मंत्रालय का कंट्रोल रूम शिकायतों की निगरानी कर रहा है। 28 फरवरी को एयरसेवा पोर्टल पर 216 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 105 से अधिक का समाधान किया जा चुका है।
दुबई में फंसीं पीवी सिंधु : भारतीय बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधु ने सोशल मीडिया पर बताया कि वह अपनी टीम के साथ दुबई में सुरक्षित हैं, लेकिन मौजूदा हालात के कारण वहीं रुकी हुई हैं। उनके अनुसार एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी का माहौल है और कई परिवार अपनी उड़ानों का इंतजार कर रहे हैं।

